बदलापुर (जौनपुर)। भलुवाही बाजार में दवा व्यापारी के घर शुक्रवार रात बाइक सवार बदमाशों ने दो बम फेंके। एक बम पेड़ से टकराकर फटा नहीं जबकि दूसरा पड़ोसी के अहाते में गिरते ही विस्फोट कर गया। लोगों के घर के अंदर होने से कोई हताहत नहीं हुआ। आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने फटे बम का मलबा तथा एक जिंदा बम कब्जे में ले लिया। एहतियात के तौर पर रात में ही व्यापारी के घर दो सिपाही तैनात कर दिए गए हैं। सुबह घटना के विरोध में व्यापारी दुकानें बंद कर थाने पहुंचे। थानेदार ने 24 घंटे के अंदर बदमाशों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाकर व्यापारियों को शांत कराया।
थोक और फुटकर दवाओं के विक्रेता गंगा प्रसाद निगम के घर से कुछ दूर उनकी दुकान है। रात करीब 11: 25 बजे खाना खाकर गंगा प्रसाद दुकान पर सोने के लिए निकले। करीब 11:35 बजे बदमाशों ने उनके घर बम फेंके। तेज धमाके की आवाज सुन लोग बाहर निकले। जिस समय विस्फोट हुआ गंगा प्रसाद अपने घर से कुछ दूर पहुंचे थे। गंगा और उनके घर के सामने स्थित त्रिपाठी हास्पिटल के गेटमैन का कहना है कि धमाके के बाद उन्होंने बाइक सवार तीन युवकों को महराजगंज रोड की तरफ भागते देखा। शोर मचाने पर जब तक आसपास के लोग जुटे, बदमाश दूर जा चुके थे। गंगा प्रसाद के पुत्र शैलेंद्र निगम का कहना है कि तत्काल उसने थाने पहुंच कर घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष श्रीधराचार्य पांडेय ने कहा कि बम नहीं पटाखा फटा होगा। घर चलो अभी आ रहे हैं। आधे घंटे बाद थानेदार हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देर रात बाजार के ही एक युवक को हिरासत में ले लिया। आक्रोशित व्यापारियों ने सुबह दुकानें बंद रखीं। तहसील व्यापार मंडल के अध्यक्ष जय प्रकाश सेठ की अगुवाई में संतोष कुमार निगम, प्रदीप कुमार निगम, बृजेश कुमार सिंह, विवेक कुमार जायसवाल, राकेश सेठ, रमा शंकर निगम सहित अन्य व्यापारियों ने थाने पहुंच कर बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग की। थानाध्यक्ष ने 24 घंटे के अंदर बदमाशों को पकड़ने का आश्वासन देकर व्यापारियों को शांत कराया।
बता दें कि पांच मई की रात बाजार के संजय बीयर वाले से गंगा के बेटे नागेंद्र निगम का विवाद हो गया था। अगले दिन तीन युवकों ने नागेंद्र को पीटा था। पुलिस ने फत्तोपुर के डब्बू, अहिरौली के भुवनेश और छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर भुवनेश को गिरफ्तार कर लिया था। शैलेंद्र निगम ने थाने पर तहरीर देकर आशंका जताई है कि बीते दिनों नागेंद्र के साथ मारपीट करने वालों ने दहशत फैलाने की नियत से बम फेंका है। वहीं थानाध्यक्ष श्रीधराचार्य पांडेय का कहना है कि घटनास्थल देख कर ऐसा नहीं लग रहा कि बम विस्फोट हुआ है। अनुमान है कि मारपीट के आरोपियों ने दहशत फैलाने की नीयत से तेज आवाज वाला पटाखा फेंका होगा। फिर भी जांच कराई जा रही है। नमूना जांच के लिए भेजा गया है। बम की पुष्टि हुई तो आरोपियों पर दर्ज मुकदमे की धाराएं बढ़ाई जाएंगी।