जौनपुर/मछलीशहर। भूमि विवाद में दबंग पट्टीदारों ने एक दूधिये पर चाकू और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। दूधिये के दोनों हाथ, पेट और सिर में गंभीर रूप से चोट आई। जिला अस्पताल से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने पिता, पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के थलोई लोइया गांव निवासी चंद्रराज यादव (55) दूध बेचने का काम करते हैं। चंद्रराज और उनके पट्टीदारों में लंबे समय से जमीन को लेकर रंजिश चली आ रही है। दो दिन पहले चंद्रराज पक्ष के कुछ बच्चों ने विवादित भूमि पर लगे पेड़ से आम तोड़ लिया था। इसे लेकर दोनों परिवारों में कहासुनी हुई थी। उस समय तो बात सिर्फ नोकझोंक तक सीमित रह गई। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे चंद्रराज दूध बेच कर साइकिल से घर लौट रहे थे। आरोप है कि घर से 200 मीटर पहले पुलिया पर पहले से घात लगाए पट्टीदारों ने उन्हें घेर लिया तथा चाकू व अन्य धारदार हथियार से ताबड़तोड़ कई वार कर भाग निकले। चंद्रराज के दोनों हाथ, पेट, सिर में गंभीर रूप से चोट आई है। कुछ देर बाद एक राहगीर ने सड़क पर लहूलुहान पड़े चंद्रराज को देखा तो परिजनों को खबर दी। भाग कर लोग मौके पर पहुंचे और चंद्रराज को निजी चिकित्सालय ले गए। हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चंद्रराज को वाराणसी रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर सीओ आनंद कुमार, एसएसआई एमए खान ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। घायल के पुत्र मनोज की तहरीर पर पुलिस ने सभाजीत यादव, उनके दो पुत्र बबलू यादव, नन्हे यादव और एक रिश्तेदार सुनील यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।