जौनपुर। सीएम के संभावित दौरे को लेकर जिलाधिकारी कितना भी संजीदा हों पर कर्मचारियों में इस बात का अभी भी कोई खौफ नहीं है। प्रतिदिन निरीक्षण में गायब मिल रहे कर्मचारियों की तादात को देख तो यही कहा जा सकता है। शनिवार को भी डीएम के औचक निरीक्षण में डीआईओएस कार्यालय के दो अधिकारी और पांच कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। डीएम ने गैरहाजिर एडीआईओएस रामहजूर प्रसाद और वित्त एवं लेखाधिकारी विनय राय समेत सात कर्मचारियों का एक दिन का वितेन काटने का निर्देश देते हुए सभी से स्पष्टीकरण मांगा है।
जिलाधिकारी सुहास एलवाई सुबह 10:15 बजे जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचे। वित्त एवं लेखाधिकारी विनय राय और सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक राम हजूर प्रसाद के कार्यालय में ताला बंद था। यहां करीब 25 मिनट तक निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी यहां से जाने लगे। तब तक भी दोनों अधिकारी कार्यालय नहीं पहुंचे। इनके अलावा वरिष्ठ लिपिक शाहबान अली, विजय कुमार यादव, रामअचल यादव, राजेश कुमार और लिपिक अखिलेश मौर्य कार्यालय नहीं पहुंचे थे। सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटते हुए सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके अलावा कार्यालय के वरिष्ठ सहायक श्यामनारायण राय, केशव कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह और लिपिक आशुतोष कुमार मिश्र को कलेक्ट्रेट शिकायत प्रकोष्ठ से संबद्ध कर दिया गया। ये सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक कलेक्ट्रेट स्थित शिकायत प्रकोष्ठ में बैठकर दूरभाष पर शिकायतों के निस्तारण की जानकारी करेंगे। जिलाधिकारी ने एक बार फिर जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों को सचेत करते हुए कहा कि समय से कार्यालय में उपस्थित रह कर जनशिकायतों का निस्तारण करें। कार्यालय अवधि में अनुपस्थित रहने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।