फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुत्ते के विवाद में मारपीट, गोली चली

Wed, 04 Jun 2014 05:31 AM IST
Jaunpur
विज्ञापन
विज्ञापन
केराकत। पालतू कुत्ते को मारकर घायल करने के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने हो गए। बात इतनी बढ़ी कि एक पक्ष ने कई राउंड गोलियां चला दीं। साथ ही दोनाें पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके से असलहे और कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में पांच नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की तफ्तीश कर रही है।
विज्ञापन

केराकत कोतवाली क्षेत्र के पेसारा गांव के हरिजन बस्ती के पतिराम का आरोप है कि गांव के विजय यादव का पालतू कुत्ता उनकी बस्ती में आकर मुर्गियों और बकरियों को काट लेता है। आरोप है कि गत एक जून को गांव के सोहन राम की मुर्गी पर उस कुत्ते ने हमला कर दिया। वह घायल हो गई। इससे नाराज बस्ती के कुछ लड़कों ने कुत्ते को मारकर टांग तोड़ दी। इस पर विजय यादव अपने पुत्रों के साथ हरिजन बस्ती में पहुंचा और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। इस दौरान गांव के लोग एकत्र हो गए और मसले को सुलह-समझौते के आधार पर सुलटा दिया गया। आरोप है कि सोमवार को सुबह नौ बजे के करीब विजय अपने तीन पुत्रों और दो अन्य लोगों के साथ एक स्कार्पियो और बोलेरो में सवार होकर हरिजन बस्ती में पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक एक युवक ने सोहन की कनपटी पर बंदूक सटाकर धमकी दी तो बस्ती के लोग लामबंद होने लगे। यह देख गाड़ियों में आए लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। इससे एक गोली हरिजन बस्ती के संजय (33) पुत्र पतिराम के सिर में लगती हुई निकल गई। वह घायल हो गया। इसके अलावा बस्ती के ही अरुण (22) को बंदूक की बट से मारकर घायल कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर हरिजन बस्ती के लोग ललकारते हुए दौड़े और बदमाशों के हाथ से एक रायफल, 16 जिंदा कारतूस, एक देसी रिवाल्वर छीन लिया। ग्रामीणों की भीड़ को देखते हुए गाड़ी से आए बदमाश भाग गए। जानकारी मिलने के बाद मौके पर सीओ आनंद कुमार और कोतवाल एके तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के बारे में पूछताछ करने के बाद पुलिस ने घायलों को केराकत पीएचसी भेजा, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल संजय के पिता पतिराम की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सीओ आनंद कुमार ने बताया कि उक्त दोनों गाड़ियों समेत अन्य लोगों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें