बक्शा। इलाके के बरपुर गांव में मंगलवार की दोपहर में अबूझ हाल में आग लगने से 23 परिवारों के 40 मड़हे जलकर राख हो गए। इसमें हजारों का सामान जलकर नष्ट हो गया। जानकारी मिलने के डेढ़ घंटे बाद पहुंची दमकल और ग्रामीणों ने लंबी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जाता है कि बरपुर गांव निवासी केवला देवी के चूल्हे से निकली चिंगारी क्षण भर में शोला बन गई। देखते ही देखते एक-एक कर 40 मड़हे आग की चपेट में आते गए और 23 परिवारों की गृहस्थी चौपट हो गई। अगलगी में केवला के दो मड़हे, बीस हजार नकदी और भारी मात्रा में अनाज जल गया। इसके अलावा भवानी देवी का कच्चा मकान, ओम प्रकाश के दो मड़हे, विजय शंकर का कच्चा मकान, बल्लन धोबी के दो मड़हे, बाबूलाल का एक और अमरनाथ के दो मड़हे, रजई के दो मड़हे और एक बकरी, लौटू धोबी के दो मड़हे, पन्नालाल के दो मड़हे, बलदेव यादव के तीन मड़हे, कल्लू का कच्चा मकान, कामता प्रसाद यादव के एक मड़हे के अलावा वीरेंद्र कुमार, माने यादव, बबऊ यादव, रामबली आदि के मड़हे जलकर नष्ट हो गए। इसमें हजारों रुपये के सामान भी जल गए। ग्रामीणों ने फोन पर दमकल को सूचना दी। सूचना मिलने के डेढ़ घंटे देरी से पहुंचे दमकल कर्मियों को ग्रामीणों का गुस्सा भी झेलना पड़ा। घटनास्थल पर पुलिस के अलावा लेखपाल बाबुल अली, गौतम मौर्या आदि मौजूद थे।
आग से चार मड़हे जले, हजारों का नुकसान
गभिरन। खुटहन थाना क्षेत्र के उचैना (खुटहन) गांव में अज्ञात कारणों से चार मड़हों में आग लग गई। लोगों ने आग की लपटें देखीं तो हल्ला मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद पंपिंग सेट और हैंडपंप की मदद से आग पर काबू पाया गया।
उक्त गांव निवासी अरविंद यादव के चार रिहायशी मड़हे थे। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे अज्ञात कारणों से एक मड़हे में आग लग गई। पड़ोस के लोगों ने आग की लपटें उठती देखी तो हल्ला मचाना शुरू कर दिया। हवा तेज होने के कारण थोड़ी ही देर में चारों मड़हे में आग लग गई। शोर सुनकर गांव के और लोग भी जुट गए। सभी ने इंजन और हैंडपंप के सहारे ने किसी तरह आग पर काबू पाया। पीडि़त का कहना है कि मड़हे में रखा, गेहूं, चावल समेत करीब 50 हजार की गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया।