सुइथाकला। विकास खंड क्षेत्र के रुधौली गांव के ग्रामीणों ने विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाते हुए गुरुवार को ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। अपनी मांग से संबंधित डीएम को संबोधित 11 सूत्री ज्ञापन एडीओ सांख्यिकी कीर्ति आजाद चौरसिया को ज्ञापन को सौंपा।
50 से अधिक संख्या में ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रुधौली ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को कागजों में ही समेट दिया गया है। गांव में कराए गए विकास कार्यों की तकनीकी जांच की जाए तो धांधली उजागर हो सकती है। मिरजापुर गांव में कराए गए कार्यों की जांच कराई जाए। डीएम को संबोधित ज्ञापन में विकास कार्यों की तकनीकी जांच कराए जाने की मांग की गई है। गांव के सभी पुरवों में सार्वजनिक शौचालय, सरस हाट, बाजार में यात्री शेड बनवाए जाने की मांग की गई है। प्रदर्शन करने वालों में शिवकुमार गुप्ता, रामलवट यादव, रामजनम, चंद्रदीप गुप्ता, अरविंद तिवारी, मनराजी, श्यामा, रामपाली, शिवचरण, हरीलाल, राकेश, जोखू समेत सैकड़ों लोग शामिल थे।