जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय बीएड सत्र 2012-13 का रिजल्ट घोषित किए जाने की मांग को लेकर छात्रों का प्रतिनिधि मंडल डीएम से मिला। छात्रों ने कहा कि प्रैक्टिकल परीक्षा होने के बाद भी विश्वविद्यालय द्वारा रिजल्ट अभी तक घोषित नहीं किया गया। इस वजह से वह किसी भी परीक्षा के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
कौशल्या महाविद्यालय दिलवारपुर मड़ियाहूं के छात्रों ने कहा कि प्रैक्टिकल परीक्षा सितंबर में ही करा दी गई थी। अभी तक रिजल्ट का पता नहीं है। रिजल्ट के लिए छात्र कालेज और विश्वविद्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन एक सप्ताह के भीतर रिजल्ट जारी नहीं करता है तो छात्र कालेज परिसर में भूख हड़ताल पर बैठने को बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। छात्रों ने ज्ञापन की प्रति कुलपति, परीक्षा नियंत्रक को देने के बाद मुख्यमंत्री को भी फैक्स कर दिया है। ज्ञापन देने वालों में शालिनी सिंह, सौम्या सिंह, रेखा मौर्या, सिंधू मौर्या, रागिनी पांडेय, सरिता कुमारी, जय प्रकाश, कंचन राव, राजीव, दिलीप कुमार कनौजिया और संजीव आदि मौजूद रहे।