जौनपुर। बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों का विरोध भी युवाओं ने प्रेम के पर्व वेलेंटाइन-डे पर मोहब्बत का इजार करने से नहीं रोक सका। शाही किला, लोहिया पार्क समेत अन्य स्थलों पर पहरे के बीच युवक-युवतियों ने इजहार-ए-मोहब्बत किया।
शाही किले में सुबह दस बजे से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। मौसम खराब होने के बाद भी लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं रही। प्रेमी युगलों के अलावा बहुत से परिवार के लोग अपने बच्चों के साथ पहुंचे थे। लोगों ने किले में सेल्फी ली। हालांकि इजहारे मोहब्बत के लिए यहां पहुंचे प्रेमी जोड़ों के लिए पुलिस और हिंदूवादी संगठन, एंटी रोमियो दस्ता खलल बना। महिला एसओ तारावती महिला पुलिस बल के साथ शाही किले में भ्रमण किया। इस दौरान कुछ संदिग्ध मनचलों की तलाशी ली। हिदायत देकर उन्हें छोड़ दिया गया। कोतवाली पुलिस ने शाही किले की मुंडेर पर चढ़कर जान को जोखिम में डालकर सेल्फी ले रहे युवकों को कान पकड़वाकर उठक बैठक कराया। इसी जोन में सेल्फी लेने वाले परिवार के लोगों को भी हिदायत दी गई। शाही किले में कोने कोने में सुरक्षा बल तैनात था। बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने किले में पहुंचे खास तौर से प्रेमी जोड़ों के लिए सिरदर्द बने।