जौनपुर। जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा रविवार को 15 केंद्रों पर दो पालियों में सकुशल सम्पन्न हो गई। दो पालियंो में हुई परीक्षा में 3633 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के लिहाज से पांच सीओ, 22 इंस्पेक्टर, 100 दरोगा और 350 सिपाहियों की ड्यूटी लगाई थी। सोमवार को भी इन्हीं परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होनी है। एसपी दिनेशपाल सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय राय परीक्षा केंद्रों पर चक्रमण करते रहे।
दोनों पालियों में कुल 22128 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। पहली पाली में 11064 अभ्यर्थियों में से 9204 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए जबिक पहली पाली में 1860 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में भी 11064 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था जिसमें से 9291 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए औक 1773 ने परीक्षा छोड़ दी। पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए जिले में उमानाथ सिंह हायर सेकेंड्री स्कूल महरूपुर, जनक कमारी इंटर कालेज हुसैनाबाद, मुक्तेश्वर प्रसाद इंटर कालेज, टीडी इंटर कालेज, टीडी डिग्री कालेज, गौतम बुद्ध इंटर कालेज चंबलतारा, रमानाथ महाविद्यालय ईशापुर समेत 15 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बसे से 12 बजे तक जबकि दूसरी पाली की परीक्षा 3 बजे से पांच बजे तक सम्पन्न हुई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय राय ने बताया कि सोमवार को भी इन्हीं परीक्षा केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा होगी। दोनों पालियों में कुल 22128 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।