जांच के दौरान पकड़ा गया रूपया।
- फोटो : jaunpur
इलाहाबाद से कार में 80 लाख रुपये रख कर जौनपुर आ रहे बैंक शाखा प्रबंधक को रुपयों का सबूत देने के लिए कई घंटे थाने में बैठना पड़ा। इसके चलते बैंक का कामकाज भी प्रभावित हुआ। आयकर विभाग की टीम ने सारे अभिलेखों की जांच पड़ताल के बाद शाम करीब छह बजे रुपयों के साथ बैंक अधिकारी को छोड़ दिया।
विधानसभा चुनाव के लिहाज से गठित उड़ाका दल और पुलिस की साझा टीम सोमवार को मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर गांव के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच इलाहाबाद से जौनपुर की तरफ़ जा रही होंडा सिटी कार को पुलिस ने रोक कर तलाशी ली तो बैग में रखे 80 लाख रुपये मिले।कार में सवार सुशील कुमार पुरवार ने पुलिस को बताया कि वह कार्पोरेशन बैंक ऑफ इन्डिया जौनपुर के शाखा प्रबन्धक हैं। यह रूपया वह इलाहाबाद के जानसेनगंज शाखा से निकालकर जौनपुर शाखा ले जा रहे हैं। लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी और पैसे सहित शाखा प्रबन्धक को थाने ले आई। पुलिस की सूचना पर पहुंची आयकर विभाग की टीम ने छानबीन की। सभी अभिलेखों के जांच पड़ताल से संतुष्ठ होने के बाद टीम ने रुपयों को सही करार दिया। आयकर विभाग के अधिकारियों की जांच और लिखा पढ़ी के बाद पुलिस ने बैंक अधिकारी को शाम छह बजे रुपयों के साथ मुक्त कर दिया।
सीओ मछलीशहर हितेंद्र कृष्ण ने बताया कि चुनाव के लिहाज से गठित उड़ाका दल और पुलिस की टीम ने जांच में कार से 80 लाख रुपये बरामद किए थे। जांच में पता चला कि कि रुपये बैंक के हैं और बैंक अधिकारी ही उसे इलाहाबाद से लेकर जौनपुर जा रहे थे। बैंक अधिकारी की ओर से दिए गए सारे साबूत सही पाए जाने पर रुपयों के साथ बैंक अधिकारी को छोड़ दिया गया। क्षेत्र में इस बात की देर तक चर्चाएं होती रहीं।