जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने सोमवार को राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें आदर्श चुनाव आचार संहिता के बारे में विस्तार से बताया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि आचार संहिता एवं चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सभी राजनैतिक दलों द्वारा किया जाये। उन्होंने सुविधा, समाधान, सुगम जैसे ऐप के प्रयोग और उसकी उपयोगिता के बारे में विंस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगर किसी प्रत्याशी का आपराधिक इतिहास है तो चुनाव आयोग के निर्देश 10 अक्टूबर 2018 के क्रम में उस प्रत्याशी को अपने क्रिमिनल रिकार्ड को कम से कम तीन बार प्रिंट अथवा इलेक्ट्रानिक मीडिया के माध्यम से उसकी जानकारी अवश्य दें। उन्होंने कहा कि यदि कही किसी भी प्रकार से अचार संहिता का उल्लंघन हो रहा है तो सिविजिल एप की सहायता से चुनाव आयोग को शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इस बार प्रत्येक बूथ पर वीवीपैट मशीन लगाई जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि.एवं राजस्व/उपजिला निर्वाचन अधिकारी आरपी मिश्रा, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व, डा. सुनील कुमार वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट सुरेंद्र नाथ मिश्र सहित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
इनसेट=
चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
जौनपुर। एसपी आशीष तिवारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों को चिन्ह्ति कर उनके खिलाफ 107/16 की कार्यवाही की जा रही है। ऐसे लोगों का बूथवार रजिस्टर थानों में तैयार करा लिया गया है। पुलिस ने प्रत्येक गांव में 10-10 ऐसे सूत्र तैयार किए हैं जिनका सीधे पुलिस से सम्पर्क होगा। इस नेटवर्क के माध्यम से किसी भी आपराधिक गतिविधियों का पुलिस को समय से पता चल सकेगा। यह नेटवर्क चुनाव में भी काफी मददगार साबित होगा।