मछलीशहर। तहसील में राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवा करने वाले एक युवक ने लेखपाल का मुंशी बनकर एक किसान से वरासत दर्ज करने के नाम पर 70 हजार रुपये ऐंठ लिया। सच्चाई सामने आने पर जब किसान ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी उसे धमकी दे रहा है।
सुजानगंज क्षेत्र के अरुआ गांव निवासी आनंद श्रीवास्तव ने 13 दिसंबर को संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि जमालपुर गांव निवासी मनोज यादव उससे कस्बा कानूनगो के यहां मिला। खुद को अरुआ गांव के लेखपाल का मुंशी बताया। उसने आनंद श्रीवास्तव से वरासत दर्ज करने के लिए धन की मांग की। बैंक खाते में 40 हजार और 30 हजार नकद ऐंठ लिया। कई बार दौड़ाने के बाद एक दिन आनंद की मुलाकात हलका लेखपाल से हुई तो उन्होंने प्रार्थना पत्र लेकर वरासत दर्ज कर दी और पैसा वापस लेने को कहा। तब से लगातार वह व्यक्ति पैसा लेने के लिए तहसील का चक्कर लगा रहा है। इस संबंध में एसडीएम अंजनी कुमार सिंह का कहना है कि पैसा लेने वाला राजस्व कर्मी नहीं है तो उस पर पीड़ित व्यक्ति को मुकदमा दर्ज कराया जाना चाहिए। संपूर्ण समाधान दिवस के प्रार्थना पत्र पर जांच कराई जा रही है।