जौनपुर। आम जन को अपनी शिकायतों की सुनवाई न दिन देखना होगा और न समय। वे जब चाहें कलेक्ट्रेट में पहुंचकर अपनी बात अधिकारियों को सुना सकेंगे। नए वर्ष पर नई शुरुआत करते हुए डीएम ने अटल जनसुविधा केंद्र की स्थापना की है। केंद्र पर एक राजपत्रित अधिकारी और तीन कर्मचारियों की तैनाती होगी। रोजाना तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाएगी।
मौजूदा व्यवस्था में अफसरों से फरियाद के लिए सुबह नौ से 11 बजे तक का समय निर्धारित है। यह फरियाद भी तभी सुनी जाती है, जब कार्यालय में कार्य दिवस हो। द्वितीय शनिवार, रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाश के वक्त किसी को परेशानी हो तो उसे दफ्तर खुलने तक का इंतजार करना पड़ता है। नए वर्ष पर डीएम ने नई पहल करते हुए 24 घंटे सुनवाई के लिए अटल सुविधा केंद्र स्थापित कराया है। कलेक्ट्रेट में ही डीएम कार्यालय कक्ष के बगल में स्थापित सुविधा केंद्र में किसी भी वक्त पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। सुनवाई के लिए अलग-अलग दिन तीन शिफ्टों में एक-एक राजपत्रित अधिकारी और उसके साथ तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वह क्रमश: सुबह छह से अपराह्न 2, फिर दो से रात 10 और रात 10 से सुबह छह बजे के शिफ्ट में ड्यूटी देंगे। केंद्र में एक कंप्यूटर और रजिस्टर भी होगा, जिस पर फरियादी व शिकायत का पूरा ब्योरा दर्ज किया जाएगा। इसकी मॉनिटरिंग भी होगी। फरियादी के संतुष्ट होने तक मामला निस्तारित नहीं होगा।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने किया उद्घाटन
अटल सुविधा केंद्र की शुरुआत शुक्रवार से हुई। डीएम ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ओमप्रकाश यादव से फीता कटवाकर केंद्र का उद्घाटन कराया। उन्होंने बताया कि केंद्र पर मौजूद राजपत्रित अधिकारी सभी तरह की शिकायत सुनने के लिए अधिकृत होगा। उसकी ओर से अग्रसारित किए हुए प्रार्थना पत्र पर सभी अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट देनी होगी। अगर कोई व्यक्ति किन्हीं कारणों से यहां नहीं पहुंच पाता तो वह कंट्रोल रूम के नंबर पर भी शिकायत दर्ज करा सकता है।
इनकी लगी ड्यूटी
तीन शिफ्टों में चलने वाले केंद्र पर सोमवार को जिला विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी की क्रमश: ड्यूटी होगी। मंगलवार को जिला समाज कल्याण अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त मनरेगा, बुधवार को जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, बृहस्पतिवार को उपसंचालक चकबंदी, जिला पूर्ति अधिकारी, बंदोबस्त अधिकारी, शुक्रवार को जिला उद्यान अधिकारी, एक्सईएन प्रांतीय खंड, एक्सईएन निर्माण खंड पीडब्लूडी, शनिवार को सहायक श्रमायुक्त, उप कृषि निदेशक, एक्सईएन जलनिगम और रविवार को बीएसए, एक्सईएन सिंचाई खंड व एक्सईएन शारदा सहायक खंड-36 ड्यूटी देंगे।