जौनपुर। वाणिज्यिक, औद्योगिक व निजी संस्थानों के लिए बकाया बिजली बिल जमा करने के बाबत संचालित एक मुश्त समाधान योजना की अंतिम तिथि रविवार को समाप्त हो गई। इस बीच रविवार को शाम तक महज 30 फीसदी बकाएदारों ने ही बकाया बिल जमा किया है। अन्य 70 फीसदी उपभोक्ताओं ने योजना से जुड़ने में कोई रुचि नहीं दिखाई।
वाणिज्यिक, औद्योगिक व निजी संस्थानों के बिजली बकाएदारों को बकाया बिल जमा करने के लिए सरकार की तरफ से एकमुश्त समाधान योजना शुरू की गई। इस योजना का लाभ लेने के बाबत पंजीकरण के लिए 31 जनवरी अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। इसके तहत बकाया बिल जमा करने वालों को पूरा ब्याज माफ करने की छूट दी गई है। जिले के वाणिज्यिक, औद्योगिक व निजी संस्थानों के 14 हजार उपभोक्ताओं पर कुल साढ़े 32 करोड़ रुपये बकाया है। इनमें से साढ़े छह हजार बिजली उपभोक्ताओं ने बकाया जमा करने के लिए योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। इनसे साढ़े दस करोड़ रुपये बकाया वसूल किया गया। अब भी साढ़े सात हजार उपभोक्ताओं के यहां 22 करोड़ रुपये बिजली बिल का बकाया है।
---
वर्जन...
एकमुश्त समाधान योजना की अंतिम तिथि समाप्त हो गई है। इस योजना के तहत जिन बिजली उपभोक्ताओं बकाया बिल जमा नहीं किया है, अब उनके खिलाफ शीघ्र ही कार्रवाई शुरू की जाएगी। - एके मिश्रा, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम।