जौनपुर। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल की सभी कक्षाओं की वार्षिक परीक्षा गुरुवार से शुरू हो गई। पहले दिन 3294 परीक्षा केंद्रों पर 3 लाख 27 हजार 642 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। पहले दिन दो पालियों में परीक्षा सम्पन्न हुई। जिसमें छात्रों की हिंदी कलरव और हिंदी मंजरी विषय की परीक्षा हुई। परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा होली से पहले 13 मार्च को समाप्त हो जाएंगी।
बीएसए डॉ. राजेन्द्र सिंह ने बताया कि परीक्षा में नकल रोकने के लिए सभी खंड शिक्षाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पूर्व एनपीआरसी से प्रश्न पत्र पहुंचेंगे। उसके बाद सभी परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं न्याय पंचायत समन्वयक केन्द्र (एनपीआरसी) पर जमा कराई जायेंगी। उन्होंने कहा कि जिले के किसी भी परीक्षा केंद्र पर अगर नकल की शिकायतें मिलती हैं तो वहां से बीईओ जिम्मेदार माने जायेंगे। प्राथमिक में छात्र संख्या दो लाख 37 हजार 836 और उच्च प्राथमिक में छात्र संख्या 89 हजार 806 है। जिले के 21 विकास खंड और नगरीय क्षेत्र में स्थित कुल 2416 प्राथमिक और 878 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में दो पालियों मे ंपरीक्षा हुई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू होकर 11 बजे तक चली। जिसमें कक्षा एक, दो, तीन, चार व पांचवीं के छात्रों की हिंदी कलरव विषय की परीक्षा हुई। द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 12 बजे से शुरू होकर दो बजे तक हुई जिसमें कक्षा छह से आठवीं तक के परीक्षार्थियों की हिंदी मंजरी विषय की परीक्षा हुई। जिले के कुछ विद्यालयों में जहां डेस्क बेंच की व्यवस्था थी। वहां डेस्क बेंच पर बैठ कर परीक्षा कराई गई। जबकि बाकी अन्य विद्यालयों में जमीन पर टाट-पट्टी पर बैठा कर परीक्षा कराई गई।