शपथ लेने से वंचित ग्राम प्रधानों को शुक्रवार को वर्चुअल माध्मय से पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कहीं ब्लाक मुख्यालय तो कहीं पंचायत भवन या अन्य सार्वजनिक स्थल पर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। जहां संबंधित ग्राम पंचायतों में शपथ के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी तैनात किए गए थे। शपथ ग्रहण के साथ ही ये ग्राम पंचायतें भी अस्तित्व में आ गई। विभिन विकास खंडों में पहले दिन 823 ग्राम प्रधानों में से 533 ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, बाकि, ग्राम प्रधानों को शनिवार को शपथ दिलाई जाएगी।
मुफ्तीगंज: रसूलपुर ओझाइनियां ग्राम पंचायत में पांच सदस्यों के साथ ग्राम प्रधान ने शपथ ली। जेई सूर्यदेव राम और पंचायत सचिव राज बहादुर पाल की उपस्थिति में ग्राम प्रधान रेखा देवी ने शपथ ली। इस गांव में कुल 11 सदस्य हैं। शपथ के लिए कम से कम सात सदस्यों को होना चाहिए था लेकिन पांच सदस्यों के साथ ही शपथ दिला दी गई।
जलालपुर: स्थानीय विकास खंड के 25 ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई गई। नोडल अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों में जाकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 21 ग्राम प्रधानों को शनिवार को शपथ दिलाई जाएगी। ब्लाक में कुल 59 ग्राम पंचायतें हैं जिसमें 13 ग्राम पंचायतों के प्रधान पहले ही शपथ ले चुके हैं। महिमापुर में ग्राम प्रधान श्रवण गुप्ता उर्फ चिंटू को बीडीओ ने शपथ दिलाई।
धर्मापुर: स्थानीय विकास खंड के 13 ग्राम पंचायत के नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों व सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। राजेपुर की प्रधान शारदा देवी, चौकी पिलखुआ की पुष्पा देवी, गद्दोपुर की राधिका देवी, तरसंड की उषा सिंह, हिसामपुर के उमानाथ यादव, चौकीपुर के मनोज, कमरुद्दीनपुर के अंगनु कुमार, कादीपुर की शीला देवी, पांडेय पट्टी के दसरथ बिंद, पिंडरा के नरेंद्र यादव, पिलखिनी की मंजू सिंह, गोविंदपुर मनिहा के सुरेंद्र राजभर व कुरेथु से विभा देवी ने को नोडल अधिकारियों ने शपथ दिलाई। 7 गांवों में ग्राम प्रधानों को शनिवार को शपथ दिलाई जाएगी। खुटहन: स्थानीय विकास खंड के 24 ग्राम प्रधानों को वर्चुअल शपथ दिलाई गई। इस ब्लाक के 11 ग्राम प्रधान शनिवार को शपथ लेंगे। ब्लाक पर शपथ ग्रहण के दौरान बीडीओ गौरवेंद्र सिंह , एडीओ पंचायत हौसिला सिंह मौजूद थे। सिरकोनी: विकास खंड के 23 ग्राम सभाओं में प्रधान और सदस्यों ने शपथ ली। कहीं पंचायत भवन में तो कहीं गांव के सार्वजनि स्थल पर शपथ दिलाई गई। 12 ग्राम पंचायतों का शपथ ग्रहण शनिवार को होगा। मड़ियाहूं: ग्राम पंचायत बदौव्वा के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान अंकित मिश्रा ने ग्राम सभा के सदस्यों के साथ ब्लॉक मुख्यालय पर शपथ लिया। सुरेरी: विकासखंड रामपुर के 11 ग्राम प्रधानों को संबंधित ग्राम पंचायतों में शपथ दिलाई गई। बक्शा: क्षेत्र के गोपालापुर, बक्शा, बबुरा, भुतहा ग्राम पंचायत में शुक्रवार को प्रधान सहित ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई गई।
खेतासराय: क्षेत्र के अलग अलग ग्राम पंचायतों में 23 ग्राम प्रधानों ने शपथ ली। अभी तक शपथ लेने से वंचित रहे 31 ग्राम प्रधानों में से 23 प्रधानों एवं 184 सदस्यों को नोडल अधिकारी ने शपथ दिलाई। इस दौरान तहसीलदार अभिषेक राय, बीडीओ अनुराग राय, एडीओ पंचायत डॉ.रामकृष्ण यादव मौजूद रहे।