09- सिंगरामऊ में जौनपुर प्रतापगढ़ सीमा पर यात्रीयों की स्क्रीनिंग करते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। जिले के बदलापुर, महराजगंज और धर्मापुर क्षेत्र में बाहर से आए कुल 48 लोगों को रविवार को अलग अलग स्थानों पर क्वारंटीन किया गया। धर्मापुर क्षेत्र के श्री शंकर आदर्श इंटर कॉलेज इमलो पांडेय पट्टी और ग्रामोदय इंटर कॉलेज गौराबादशाहपुर में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में विभिन्न जगहों से आए 44 प्रवासियों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद क्वारंटीन किया गया। क्वारंटीन किए गए लोग मछलीशहर, बदलापुर, मड़ियाहूं और सिकरारा के निवासी हैं। राजाबाजार: महराजगंज क्षेत्र के कोल्हुआ गांव निवासी नाट्यकला परिषद के विशिष्ट कलाकार राकेश सिंह (पप्पू) सोमवंशी सूरत शहर से आकर शनिवार की शाम प्राइमरी पाठशाला कोल्हुआ में क्वारंटीन हुए। महराजगंज: क्षेत्र के अमारी गांव में ग्राम प्रधान रोहित सिंह की सूचना पर स्वास्थ्य टीम एम्बुलेंस के साथ गांव में पहुंची और बाहर से आए बबलू सरोज, विपिन, अखिलेश सरोज को बदलापुर स्थित संग्राम बालिका विद्द्यालय में बने शेल्टर होम पहुंचाया।
क्वारंटीन का पालन न करने वाले 37 पर केस
मछलीशहर। पंवारा पुलिस ने रविवार को 37 लोगों के खिलाफ क्वारंटीन नियमों का पालन नहीं करने पर केस दर्ज किया है। लॉक डाउन के दौरान विभिन्न प्रदेश से चोरी छिपे आए गौहनी गांव निवासी ओमप्रकाश, महापुर गांव के धीरज, सौरभ, फूलचंद बोडेपुर निवासी दीपक सहित कुल 37 लोगों को होम क्वारंटीन में रहने का निर्देश दिया गया था। क्वारंटीन नियमों की अनदेखी कर वह बाहर घूमते रहे। पंवारा थानाध्यक्ष सैयद हुसैन मुंतजर ने बताया कि सभी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
एंबुलेंस से भागे तीन युवक
बदलापुर। महराजगंज क्षेत्र के ग्राम सभा अमारी में ग्राम प्रधान रोहित सिंह ने प्रशासन को गांव में मुंबई से आए युवकों के बारे में सूचना दी। स्वास्थ्य टीम गांव में पहुंचकर एंबुलेंस से सभी को बदलापुर ले गई। सीएचसी पर जांच के बाद तीनों को संग्राम बालिका इंटर कॉलेज बदलापुर में क्वारंटीन के लिए भेज दिया गया। वहां उन्हें क्वारंटीन में रखने से मना किया गया तो तीनों युवक एंबुलेंस से उतरकर फ़रार हो गए। प्रधान ने इसकी सूचना एसडीएम को दे दी है। एसडीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि डॉक्टरों की टीम उनका परीक्षण कर उन्हें दूसरे विद्यालय में क्वारंटीन की जाएगी। संग्राम बालिका विद्यालय में क्षमता नहीं है।
अमरावती से साइकिल से घर पहुंचे कुल्फी विक्रेता
सतहरिया। अमरावती महाराष्ट्र से साइकिल से कुल्फी विक्रेताओं की 10 लोगों की टीम शनिवार की देर शाम घर पहुंची। टीम का नेतृत्व गांव भसौट थाना पंवारा निवासी हरिश्चंद्र पटेल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल को अमरावती महाराष्ट्र से हम सभी एक साथ साइकिल से घर के लिए चल पड़े थे। 900 किलोमीटर दूरी छह दिनों में मुश्किल के साथ तय की। रास्ते में समाजसेवियों की ओर से जो भी खाने पीने का सामान मिल जाता था, उसी काम चला लेते थे। एक दिन में हम लोग डेढ़ सौ किलोमीटर की यात्रा तय करते थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में हम लोगों को पुलिस की जलालत भी झेलनी पड़ी है। हमारे टीम में बदलापुर, सिकरारा, बरईपार के लोग मौजूद रहे।