जौनपुर। नए मरीज मिलने के कारण पिछले कई दिनों से कोरोना संक्रमण को लेकर बने भय के बीच सोमवार को राहत भरी खबर आई। कोविड-19 अस्पताल में भर्ती 47 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इनमें 43 मरीज जिले के जबकि चार गाजीपुर के हैं। कोरोना को मात देने वाले इन योद्धाओं को ताली बजाकर अफसरों ने अस्पताल से विदाई दी। अब यह कुछ दिनों तक होम क्वारन्टीन रहेंगे। अब जिले में एक्टिव केस की संख्या 116 रह गई है।
मुंबई, सूरत सहित अन्य शहरों से आए प्रवासियों के कारण जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैला है। पिछले एक सप्ताह में ही सौ से अधिक मरीज मिलने से आंकड़ा 283 तक पहुंच गया है। इसमें तीन मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 121 मरीज पहले ठीक हो गए थे। सोमवार को भी जिले के 43 मरीज स्वस्थ हो गए। उनके साथ रखे गए गाजीपुर के भी चार मरीज ठीक हुए हैं। पूविवि में बने कोविड-19 अस्पताल से उन्हें विदाई दी गई।
डीएम दिनेश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ रामजी पांडेय सहित अन्य अफसरों ने स्वस्थ हुए सभी मरीजों पर फूल बरसाया। ताली बजाकर उनका हौसला बढ़ाया। अब जिले में 116 एक्टिव केस रह गए हैं, जिनमें तीन का उपचार वाराणसी में चल रहा है। अन्य सभी 113 मरीज जिले में बने अस्थाई अस्पताल में भर्ती हैं।