जौनपुर। गरीब कल्याण योजनांतर्गत प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में जिले में कुल 30 सोलर पंप लगाने का लक्ष्य है। इसमें लॉकडाउन के कारण बाहर से आए प्रवासी श्रमिकों को प्राथमिकता के आधार पर सोलर पंप का लाभ देना है। अभी पांच एचपी के चार सोलर पंप के लिए अनुदान की धनराशि शासन से निर्धारित हुई है। इसके लिए लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है।
मुंबई, गुजरात, महाराष्ट्र, सूरत व अहमदाबाद आदि स्थानों से आए प्रवासी श्रमिकों को रोजगार मिल सके। इसके लिए सरकार कुसुम योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर सोलर पंप लगवाने का निर्देश दिया गया है। शासन ने जिले में 30 सोलर पंप लगाने का लक्ष्य भेजा है, लेकिन मात्र पांच एचपी के चार सोलर पंप के लिए अनुदान राशि सहित कृषक अंश का निर्धारण किया गया है। इसमें एक सोलर पंप पर 60 फीसदी अनुदान दिया जाएगा। शेष दो व तीन एचपी के 26 सोलर पंप के लिए शासन ने अनुदान व कृषक अंश का निर्धारण नहीं किया है। इसलिए इन सोलर पंप के लिए अभी लाभार्थियों का चयन शुरू नहीं हो पाया है।
कुसुम योजना के तहत जिले में 30 सोलर पंप लगाने का लक्ष्य शासन से आया है। जिसमें प्रवासियों को प्राथमिकता से लाभ दिया जाना है। अभी पांच एचपी के चार सोलर पंप के लिए अनुदान शासन से निर्धारित कर दी गई है। जिसके लिए लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है। अभी शेष दो व तीन एचपी के 26 सोलर पंप के लिए शासन से अनुदान की धनराशि निश्चित नहीं हो पाई है।
- जय प्रकाश, उप कृषि निदेशक