जौनपुर। ओवरलोड वाहनों पर नकेल कसने के लिए खनन विभाग की तरफ से अप्रैल से अब तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 264 ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया। इनसे 1.29 करोड़ रुपये जुर्माना वसूल किया गया। इन वाहनों में बिहार से बालू और मध्य प्रदेश से गिट्टी लदे ट्रक भी शामिल थे।
खनन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल महीने में 66 वाहनों से 33.72 लाख, मई में 89 वाहनों से 44.73 लाख, जून में 69 वाहनों से 36.57 लाख तथा जुलाई में 40 वाहनों से 17 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। ये सभी वाहन या तो बिना वैध कागजात के चल रहे थे या निर्धारित मानकों से ज्यादा माल लदे हुए थे। ओवरलोडिंग के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ रही है। जिले में अक्सर ऐसे वाहन पलटने की घटनाएं सामने आती हैं। इन पर नियंत्रण के लिए खनन निरीक्षक मौके पर जाकर वाहनों की जांच करते हैं। जांच के दौरान ‘एम चेक’ मोबाइल एप के माध्यम से वाहन की जानकारी ऑनलाइन सत्यापित की जाती है। यदि वाहन में मानक से अधिक सामग्री पाई जाती है, तो एप तुरंत जुर्माना निर्धारित कर देता है। खनन निरीक्षक सुखेंद्र सिंह का कहना है कि अप्रैल से जुलाई तक 264 ओवरलोड वाहनों का चालान काटकर 1.29 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया। एम चेक एप से चालान काटा जाता है। यह प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है।