जौनपुर जिले में एक लेखपाल और भंडारी स्टेशन पर तैनात एक आरपीएफ कर्मी समेत 24 लोग शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें 22 लोग प्रवासी हैं। संक्रमितों में सात साल की बालिका और 14 वर्ष की किशोरी भी शामिल हैं। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 396 हो गई। इनमें से 181 लोगों का इलाज चल रहा है। 212 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और तीन की मौत हुई है।
सीएमओ डॉ. रामजी पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को संक्रमित पाए गए सभी लोगों के सैंपल सात और आठ जून को लिए गए थे। इसमें ज्यादातर मुंबई से आए हैं। सिरकोनी में पांच, बरसठी ब्लॉक में 4, मुफ्तीगंज में 3, मड़ियाहूं, रामपुर, डोभी में 2-2, महराजगंज, सुजानगंज, बदलापुर, मुंगराबादशाहपुर, खुटहन के 1-1 मरीज समेत 24 हैं।
शुक्रवार को पॉजिटिव मिला लेखपाल बदलापुर तहसील में कार्यरत है। वह संगठन का जिला पदाधिकारी भी है। शाहगंज में 7 जून को एक लेखपाल के पॉजिटिव मिलने के बाद उसने सैंपल दिया था। आरपीएफ कर्मी के दो अन्य साथी भी दो दिन पहले संक्रमित मिले थे। जिले में तीन लेखपाल, तीन आरपीएफ कर्मी, एक कोटेदार और एक आशा कार्यकर्ता कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।