जौनपुर। प्रभारी मतदान कार्मिक अधिकारी गौरव वर्मा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में चल रहा सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण अंतिम दिन बुधवार को समाप्त हो गया। इस दौरान कुल 60 सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों को उनके जिम्मेदारियों को बताया गया। साथ ही उनको मॉकपोल, ईवीएम सेटिंग, बूथ के अंदर जाने वाले लोगों आदि के बारे में जानकारी दी गई। इसके पहले दो दिनों में 232 सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
जिले में कुल 261 सेक्टर व 31 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इस दौरान कुल मिलाकर सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों की संख्या 282 हैं। उनको जिम्मेदारियों की जानकारी देने के लिए 25 मार्च से विकास भवन सभागार में प्रशिक्षण देने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान प्रभारी मतदान कार्मिक अधिकारी गौरव वर्मा व सहायक मतदान कार्मिक अधिकारी दयाराम द्वारा प्रशिक्षण देने का कार्य किया जा रहा है। अंतिम बुधवार को केराकत विधानसभा सहित रिजर्व रखे गए कुल 60 सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान सहायक मतदान कार्मिक अधिकारी दयाराम ने कहा कि सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट ईवीएम की भली भांती जांच कर लें। नि:शक्त व निरक्षर मतदाताओं के मतदान में सहायता के लिए उन्हीं व्यक्तियों को भेजा जाए, जिन्हें वे अधिकृत करें। बताया गया कि मतदान सूची चार प्रकार की होती है। जिसमें तीन सामान्य व एक चिह्नित सूची होती है। इसका भली भांति अवलोकन कर लिया जाना चाहिए। सेंट्रल यूनिट, बैलेट यूनिट और वीवीपैट के खराब होने पर उसे दुरुस्त करने के बारे में बताया गया।