जौनपुर। रविवार की शाम करीब सवा चार बज झमाझम बारिश हुई। आषाढ़ माह और आर्द्रा नक्षत्र की पहली नालों की सफाई लिए इम्तिहान साबित हुई। नालों से पानी उफनाने लगा। शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। मुहल्ला मीरमस्त, मुल्ला टोला, पुरानी बाजार आदि इलाकों में नाले का गंदा पानी कई घरों में घुस गया। बारिश बंद होन के बाद भी देर तक आवागमन बाधित रहा।
रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दिन में रुक-रुक कर रिमझिम बारिश भी हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया। शाम को सवा चार बजे आसमान में काली घटा छा गई और मूसलाधार वर्षा हुई। इसके बाद शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। नगर पालिका प्रशासन ने पिछले वर्ष बारिश के समय जलभराव से हुई परेशानियों से भी सबक नहीं लिया। करीब बीस मिनट की बारिश में ही शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। मछलीशहर पड़ाव, बदलापुर पड़ाव, ओलंदगंज, शेखपुर, मियांपुर, मोहल्ला मीरमस्त, खासनपुर, अबीरगढ़ टोला, मुल्लाल टोला, पुरानी बाजार, अहियापुर, सब्जी मंडी, शकर मंडी, रसूलाबाद आदि इलाकों में जलभराव हो गया। अहियापुर रेलवे पुल के के नीचे कमर तक पानी भर गया। नतीजतन आवागमन ठप हो गया। नाला उफनाने से मुहल्ला मीरमस्त में घग्घा चौराहे से साजिदा गर्ल्स कालेज की सड़क लबालब भर गई। नाले का गंदा पानी कई लोगों के घरों में घुस गया। शहाबुद्दीनपुर के पास पुलिया धंस गई। कोतवाली से लेकर सब्जी मंडी तक सड़क किनारे कुछ दिन पहले बिजली की केबल डालकर नाली पाट दी गई थी। बारिश के साथ सड़क किनारे जगह जगह गड्ढे बन गए। कई दूकानदार अपने सामने ईंट और पत्थर के टुकड़े डालकर गड्ढा भरते देखे गए।