मछलीशहर। न्यायालयों के आदेश की फीडिंग खतौनी में नहीं होने से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने बुुधवार को अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दी। अधिवक्ताओं में खतौनी में आदेश की फीडिंग नहीं होने से रोष व्याप्त है। तहसीलदार ने आश्वासन के बाद भी सहमति नहीं बनी।
तहसील के न्यायालयों में मुकदमों में आदेश पारित होने के बाद संबंधित रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय में मालिकान रजिस्टर में अमल दरामद होता है। इसके बाद आदेश खतौनी में आनलाइन दर्ज नहीं हो रहा है। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुरेश बहादुर सिंह की अध्यक्षता में अधिवक्ताओं की बैठक मंगलवार को हुई थी। इसमें महामंत्री संजीव चौधरी,वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश चंद्र सिन्हा,जगदंबा प्रसाद मिश्र,अशोक श्रीवास्तव,हरिनायक तिवारी,नागेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव, यज्ञ नरायन सिंह, विनय पांडेय, सरजू प्रसाद बिंद आदि शामिल थे। अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से समस्या का समाधान नहीं होने पर न्यायालयों के कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया था। उसी क्रम में बुधवार को वकील हड़ताल पर चले गए हैं।हंलाकि इस बावत तहसीलदार कौशलेस कुमार मिश्रा ने जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया था। मगर अधिवक्ता तहसीलदार के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए। बुधवार को उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।