नगर पालिका की सीमा बढ़ाने की तैयारी
नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में लगेगी मुहर, कई गांव होंगे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
मुंगराबादशाहपुर। नगर पालिका सीमा के विस्तार की तैयारी चल रही है। इसमें कई गांवों को शामिल किया जाना है। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में इस पर फैसला लिया जाएगा। लंबे समय से नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार की मांग की जा रही है। गांवों के नगर पालिका क्षेत्र में हो शामिल पर बिजली, पानी, सड़क जैसी बुनियादी नागरिक सुविधाओं का विकास होगा।
कस्बा से सटे गांव कमालपुर, लतहरिया, पाल के पूरा, मुंगरडीह समेत कई गांव ऐसे है जो देहात क्षेत्र में जरूर आते हैं, लेकिन सुविधाएं नगर पालिका परिषद की ही मिल रही है। बिजली, पानी और सड़क कस्बे की तरह की बनाई गई हैं। लेकिन इन गांवों को नगर पालिका में शामिल नहीं किया गया है। ऐसे गांवों को पालिका क्षेत्र में शामिल करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन का मानना है कि सीमा का विस्तार होने से न केवल सुविधाएं मिलेगी बल्कि नगर पालिका की आय में भी वृद्धि हो जाएगी। जिससे नगर पालिका परिषद आर्थिक रूप से सम्पन्न होगा। चेयरमैन शिव गोविंद साहू का कहना है कि नगर पालिका परिषद सीमा विस्तार पर विचार कर रहा है। इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों के साथ बैठक कर खाका तैयार कर लिया गया है। बोर्ड की बैठक जल्द ही बुलाकर इसे पास कर दिया जाएगा।