जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सत्र 2018-19 की मुख्य परीक्षा को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। सुचितापूर्ण व नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए परीक्षा केंद्रों को सीसी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए कुलपति प्रो. राजाराम यादव की अध्यक्षता में 18 और 19 दिसंबर को जिलेवार कालेजों के प्राचार्यों की बैठक बुलाई गई है।
18 दिसंबर को गाजीपुर और मऊ जिले के संबद्ध सभी कालेजों को प्राचार्यो की बैठक बुलाई गई है। 19 दिसंबर को जौनपुर, आजमगढ़ और इलाहाबाद जिले के कालेजों के प्राचार्यों की बैठक दोपहर 12 बजे से अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में बुलाई गई है। बैठक में सुचितापूर्ण और नकल विहीन परीक्षा कराने पर चर्चा होगी। हालांकि प्राचार्यों को पहले ही निर्देश दे दिया गया है कि यदि परीक्षा केंद्र बनना है तो विश्वविद्यालय द्वारा बनाए मानक को पूरा करना होगा। परीक्षा सीसी कैमरे की निगरानी में कराई जानी है। कालेज में उपलब्ध संसाधनों के हिसाब से कालेजों के छात्रों का आवंटन किया जाएगा। कालेजों को पत्र जारी कर बैठक में अपने कालेज के पूरे विवरण के साथ उपस्थित होने को कहा गया है। विवि की मुख्य परीक्षा एक मार्च से प्रस्तावित हैं। परीक्षा में करीब 800 से अधिक कालेजों के सवा पांच लाख छात्र शामिल होंगे।