केराकत/ सतहरिया। केराकत नगर में जश्न-ए- ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बड़े ही अकीदत व शान शौकत के साथ जुलूस निकाला गया। तकरीरों में कहा गया कि पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब दुनिया के लिए रहमत का पैगाम बनकर आए थे।
नगर के बादशाहजादी मस्जिद के पास से सायंकाल तीन बजे सीरत कमेटी के सदर डा. बहादुर अली खान व सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति में संरक्षण डा. सैयद अहमद मुज्तबा ने झंडी दिखा कर रवाना किया। जुलूस अपने कदीमी रास्तों से होते हुए हाश्मी मोहल्ला, नरहन, मेहदीतला, सिपाह, आदि मोहल्लों से होकर शेखजादा स्थित शाहीजामा मस्जिद पर पहुंच कर समाप्त हुआ। जुलूस में वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर व मऊ से आई 60 अंजुमनों के बेहतरीन नातिया कलामों से नगर गूंज उठा। इनअंजुमनों ने मेला दिल पुकारे नबी-नबी, व चमक उससे पाते हैं सब पाने वाले। मेरा दिल भी चमकादे चमका देने वाले आदि जैसे बेहतरीन नातिया कलामों पर लोग झूम उठे। जुलूस के आगे नगर के शेखजादा मोहल्ला अखाड़ा सुबहानियां के खिलाड़ियों ने बाना-बनेठी व कई हैरत अंगेज करतब दिखा कर लोगों का दिल जीत लिया। नगर पंचायत अध्यक्ष विजयकुमार गुप्ता ने भी अंजुमनों को पुरस्कृत किया। जुलूस में हाजी निजामुद्दीन, हाजी गोगा अंसारी, हाजी सईद अहमद, हाजी सलीमुद्दीन, हाजी पप्पू, जमील अहमद, मिस्टर खान सपा नेता संजय सरोज व रमाशंकर यादव आदि की उपस्थिति रहे। संचालन कलीम अनवर किया।
उधर, मुंगराबादशाहपुर में जश्रे ईद मिलादुन्नबी के दूसरे दिन रोशनी देखने के कस्बा सहित आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मुस्लिम समुदाय के अलावा हिन्दुओं ने भी जलसे में शिरकत कर आनंद उठाया। बारावफात को ऐतिहासिक बनाने के लिए परस्पर सभी वर्गों का सहयोग देखा गया। अंजुमन दीनी नात व रोशनी कमेटी, हुसैनिया, नूरी,बेलालिया, कादरिया,गुलामे मुस्तफा,मेहमदिया सहित आधा दर्जन से अधिक अंजुमन रोशनी कमेटियों द्धारा नगर को सजाया गया था। विद्युत राडों व रंग विरंगी झालरों से समूचा कस्बा जगमगा उठा। दीनी कमेटी द्धारा हरम शरीफ, हुसैनिया ख्वाजा, गरीब नवाज, शरीफ दरगाह सहित अन्य रोशनी कमेटियों द्धारा मोहम्मद साहब के शानशौकत में बनाएं गए मांडल को जलसे में शिरकत किए। सभासद मो. आजमराइन, अब्दुल खालिक, डा. रेयाज,नसीमअहमद, जावेद, हारुन, फरहान आदि ने सहयोग किया।