खेतासराय। नगर पंचायत में पहली बार गृहकर लगाया जाएगा। इसके लिए मकानों और दुकानों के सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। एक अप्रैल 2019 से नगर में स्वकर निर्धारण के माध्यम से असेस्टमेंट की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि यूपी डिस्को के माध्यम से नगर में घरों और दुकानों के सर्वे का काम किया गया है। सर्वे में गूगल मैप की भी मदद ली गई है। अभी तक नगर पंचायत में गृह कर निर्धारण नहीं हुआ था। व्यापारियों और मकान मालिकों को अपने घर का चौहद्दी प्रमाणपत्र बनवाने के लिए तहसील में के चक्कर लगाने पड़ता था। कर निर्धारण हो जाने से हर दुकान और मकान मालिकों के नाम नगर पंचायत में दर्ज हो जाएंगे। शीघ्र ही नगर पंचायत बोर्ड की बैठक बुला कर वाणिज्यिक और घरेलू श्रेणी की मकानों और दुकानों के करो कि दरों का निर्धारण कर लिया जाएगा। सर्वे में खामियों को 15 दिसम्बर तक दुरुस्त कर लिया जाएगा। एक अप्रैल 2019 से नगर वासियों से कर वसूलना शुरू हो जाएगा। अधिशासी अधिकारी के अनुसार नगर पंचायत की एक आधिकारिक वेबसाइट बनाई गई है। जिस पर 2014-2015 से लेकर अबतक नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे कार्यो और बजट का ब्यौरा डाला जा रहा है। शीघ्र ही नगर पंचायत के कार्यालय में ऑनलाइन परिवार रजिस्टर के नक़ल देने की सुविधा शुरू की जाएगी। इसके लिए परिवार रजिस्टर को अपडेट किया जा रहा है।