खेतासराय। स्थानीय थाने की पुलिस ने प्रेमी युगल की शादी इलाके के एक मंदिर में कराई। प्रेमिका के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने पर गांव के लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। लड़की पक्ष के लोगों ने शादी का प्रस्ताव रखा तो लड़के पक्ष के लोगों ने इनकार कर दिया। पुलिस ने समझा बुझाकर दोनों पक्षों को शादी के लिए राजी कर लिया और मंदिर में शादी का रस्म पूरी कराई गई। दुल्हन मंदिर से ही विदा होकर ससुराल पहुंच गई।
खेतासराय थाना क्षेत्र के मानीकला गांव निवासी राजू पुत्र विजय कुमार अपने ननिहाल जमदहा गांव आया था। गांव की लड़की व राजू एक दूसरे के करीब आ गए। फोन पर भी दोनों की बात होती रही। दोनों में प्रेम परवान चढ़ा तो लगभग पांच दिन पूर्व युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंच गया। दोनों को गांव में कहीं आपत्तिजनक हालत में देख ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह बात लड़की के घर वालों को पता चली तो वे दोनों की शादी के लिए अड़ गए लेकिन युवक के परिजन तैयार नहीं हो रहे थे। थाने में देर तक पंचायत चली। थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा की पहल पर दोनों पक्ष बिना किसी शर्त शादी को तैयार हो गए। शनिवार को खेतासराय-जौनपुर मुख्य मार्ग पर मनेछा बादशाही के समीप स्थित हनुमान मंदिर पर पुलिस व रिश्तेदारों की मौजूदगी में विधि-विधान से दोनों की शादी कराई गई।