मुंगराबादशाहपुर। गोरखपुर से सवारी लेकर इलाहाबाद जा रही जीरो रोड डिपो की रोडवेज बस शुक्रवार की भोर में करीब तीन बजे मुंगराबादशाहपुर के पास बंद रेलवे क्रासिंग का बूम तोड़ते हुए निकल गई। संयोग ही था कि नई दिल्ली से वाराणसी जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस महज कुछ सेकेंड पहले ही क्रासिंग से गुजरी थी। ट्रेन के पिछले हिस्से को छूती हुई बस आगे निकल गई। घटना के चश्मदीदों की सांसे अटक गई थी। बस में सवार यात्री चीखने चिल्लाने लगे। लेकिन बस चालक पूरी रफ्तार में आगे निकल गया। आरपीएफ ने बस अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नई दिल्ली से वाराणसी जा रही काशीविश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन मुंगराबादशाहपुर के पास जौनपुर इलाहाबाद मार्ग पर स्थित क्रासिंग को पार कर रही थी। इसी दौरान जौनपुर की ओर से आई जीरो रोड डिपो की रोडवेज बस पूरी रफ्तार में बूम को तोड़ते हुए निकल गई। भोर में करीब तीन बजे काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के आने की सूचना मिली तो केविन मैन हारुन ने रेलवे फाटक बंद कर दिया। फाटक बंद करने के कुछ देर बाद ट्रेन क्रासिंग को पार कर रही थी। इसी दौरान अचानक तेज रफ़्तार से इलाहाबाद जा रही रोडवेज बस रेलवे फाटक तोड़ते हुए रेलवे के अंतिम बोगी से छूती हुई आगे निकल गई। इतने में केविन मैन हारुन तेजी से चिल्लाया तब तक इधर से ट्रेन स्टेशन की तरफ निकल गयी। बस चालक बस लेकर इलाहाबाद की तरफ भाग गया। घटना को देख बस में बैठे यात्री भी चीखने चिल्लाने लगे थे। संयोग रहा कि हादसा टल गया और सभी बाल बाल बच गए। केबिनमैन हारुन ने घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। आरपीएफ प्रतापगढ़ के प्रभारी निरीक्षक एएन पाठक ने बताया कि रोडवेज बस चालक के खिलाफ 160 बी के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।