सुरेरी। विकासखंड रामपुर के ग्रामसभा भदखीन में विकास कार्यों में हुई अनियमितता की जांच करने शुक्रवार को जांच अधिकारी एडीओ एजी रामपुर श्रवण कुमार उपाध्याय पहुंचे। उन्होंने पाया कि कई विकास कार्यों को कागज पर कराकर धन निकाल लिया गया है।
ग्राम सभा भदखीन निवसी संतोष मिश्र ने जिलाधिकारी से विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत की थी। जिलाधिकारी ने मामले की जांच करने के लिए एडीओ एजी रामपुर श्रवण कुमार उपाध्याय को नामित किया।शुक्रवार की दोपहर एडीओ एजी श्रवण कुमार भदखिन गांव आ धमके। जांच के दौरान कुछ शौचालय अपूर्ण तो कुछ बिना टंकी व दरवाजे के मिले। वहीं कुछ शौचालय केवल कागजों पर ही बने मिले। इंदिरा आवास का निरीक्षण के दौरान कई आवास अधूरा तो कुछ आवास बिना छत ढाले ही मिले। कुछ आवास में दरवाजा नहीं लगा पाया गया। वही ग्रामीण छोटेलाल, संतोष, राजमन, सुरेंद्र, सुरेश आदि लोगो ने बताया कि हम लोगों को शौचालय अधूरा पड़ा हुआ हैं। किसी में दरवाजा नहीं लगा है तो किसी की टंकी नहीं लगी है। जिसके कारण हम लोग शौचालय का उपयोग नहीं कर पा रहें हैं। नगीना , बुझारत व बाबा आदि लोगों की मानें तो हम लोगो का आवास अपूर्ण पड़ा है। मालती ने जांच अधिकारी को बताया कि इंदिरा आवास के लिए आए धनराशि में से 35 हजार रुपये की मांग ग्राम प्रधान द्वारा की गई थी। पैसा देने के बावजूद भी आवास नहीं आया है।कोट:
जांच चल रही है। जांच के दौरान आरोप सही पाए गए हैं। सारे विकास कार्य महज कागजों पर ही पूर्ण है। धरातल पर कुछ भी पूर्ण नहीं है। अभी जांच चल रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।-श्रवण कुमार उपाध्याय, एडीओ एजी