सिकरारा। गुरुजन विद्यालयों में छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ संस्कार भी दें। वे पाठशाला को संस्कार शाला में परिवर्तित करके देश को फिर से उच्चतम शिखर पर पहुंचा सकते हैं। शिक्षक की भूमिका सिर्फ क्लास रूम तक ही सीमित नहीं है। बल्कि शिक्षक समाज को सही दिशा में पहुंचने के लिए शिल्पी की भूमिका में भी अग्रणी होता है। उक्त बातें सांसद डा. कृष्ण प्रताप सिंह ने शनिवार को अभिनव इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर में स्वामी विवेकानंद सभागार का फीता काटकर उद्घाटन करते हुए और बच्चों को नि:शुल्क यूनिफार्म व बैग वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कहा।
विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. राजेंद्र सिंह ने गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा पर जोर देते हुए बच्चों का नामांकन व ठहराव भी प्रभाव शाली बनाने का निर्देश दिया। इस कार्य मे जुड़े सभी जिम्मेदार ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें तभी अभियान सार्थक साबित होगा। कार्यक्रम के आयोजक उक्त विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने अभ्यागतों के प्रति आभार व्यक्त करते हूए कहा कि अंग्रेजी माध्यम में चयन के बाद विद्यालय के शिक्षकों व ग्राम प्रधान के सहयोग से इस वर्ष बच्चों का नामांकन दोगुना हुआ है। उन्होंने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न प्रदान कर स्वागत किया। इसके पहले मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र पर पूजन-अर्चन किया। इस दौरान 102 छात्रों को नि:शुल्क यूनिफार्म व बैग वितरित किया। मिडिल स्कूल इब्राहिमाबाद की छात्राओं ने सरस्वती वंदना तथा शिक्षिका संयुक्ता सिंह ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया तो चार साल की नन्ही समृद्धि उर्फ पीहू ने कविता प्रस्तुत कर तालियां बटोरी। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक विजय बहादुर सिंह ने अध्यक्षता व लल्लन उपाध्याय ने संचालन किया। इस अवसर पर बीईओ राजीव यादव, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, दिनेश यादव, सीमा उपाध्याय, मृत्यंजय सिंह, शैलेश चतुर्वेदी, अमर बहादुर, मंजू, भाजपा मंडल अध्यक्ष विपुल कुमार सिंह, सीमा उपाध्याय, माधुरी जायसवाल, अर्चना सिंह, राम सिंह राव आदि उपस्थित रहे।