जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में बिना आवंटन के ही कब्जा जमाएं शिक्षक और कर्मचारियों पर लगे जुर्माना पर कुलपति ने रोक दिया है। उन्होंने कहा मामले की जांच की जाएगी, उसके बाद ही जुर्माना की राशि तय की जाएगी। कुलपति के इस निर्णय से आवासों में कब्जा जमाएं लोग राहत महसूस कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षक और कर्मचारियों के लिए अलग-अलग आवास बनाए गए हैं। आवासों के आवंटन के लिए समिति बनाई गई है। कुछ शिक्षक और कर्मचारी बिना आवंटन के ही आवासों में कब्जा किए हुए हैं। इस मामले को कई आवास आवंटन समिति ने उठाया तो विश्वविद्यालय प्रशासन ने समिति गठित कर मामलों को जांच के लिए सौंप दिया। मामला सही पाए जाने पर समिति ने तय किया कि जो लोग आवास में कब्जा किए हुए हैं, उनसे पांच रुपये स्क्वायर फीट के हिसाब से जुर्माना वसूल किया जाएगा। इस मामले को कर्मचारी संघ ने कुलपति के सामने रखा था। कुलपति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षक और कर्मचारियों से वसूली जा रही जुर्माना राशि को रोक दिया। कुलपति ने कहा जब तक मामला साफ नहीं हो जाता है कोई जुर्माना नहीं वसूला जाएगा। कुलपति के निर्णय से संघ के नेता राजेश सिंह, अमलदार सिंह, स्वतंत्र कुमार ने सराहना की।