मडियाहूं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को जवाहर नवोदय विद्यालय मडियाहूं की कैंटीन में छापेमारी की। इस दौरान कैंटीन वाले के पास लाइसेंस नहीं थी। साथ ही मेस की खिड़कियों में जाली तक नहीं लगी थी। दीवारें गंदी थी। भंडारण नियमानुसार नहीं मिला। टीम ने इसकी नोटिस विद्यालय के प्रधानाचार्य को दे दी है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय ने बच्चों, शिक्षकों, शिक्षिकाओं को खाद्य पदार्थों के सुरक्षा, भंडारण, निर्माण के विषय में विस्तृत जानकारी दिया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने खाद्य वस्तुओं के उत्पादन बिक्री व निर्माण के मानक तय किए हैं। इन मानकों के विरुद्ध बिक्री, निर्माण और भंडारण करना गैरकानूनी है। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि वह एस्पायरड खाद्य पदार्थों को कतई ना खरीदें। क्योंकि शरीर पर इसका दुष्प्रभाव पड़ता है। यदि कोई दुकानदार गर्म खाद्य सामग्री प्रिंटेड पेपर पर देता है तो उसे न लें, क्योंकि जब किसी प्रिंटेड पेपर पर गर्म खाद सामग्री रखी जाती है उसमें लगा लेड ऑक्साइड खाद्य पदार्थ में मिल जाता है जो स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने बच्चों से कहा कि आप खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की कमी मिलती है तो अपने अभिभावक और शिक्षकों को नि:संकोच बताएं। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. तुलिका शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सूर्यमणि, उपप्राचार्य डा. निवेदिता उपाध्याय, विनोद कुमार त्रिपाठी, आरपी यादव, नरेंद्र कुमार पांडेय, आरपी सिंह, डीएस श्रीवास्तव समेत अन्य छात्र मौजूद रहे।