बदलापुर/घनश्यामपुर। बदलापुर के गोपालापुर, तियरा, ढेमा और लेदुका में राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय किराए के मकान में चल रहे हैं। इससे मरीजों सहित डाक्टर और अस्पताल के अन्य स्टाफ को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इन अस्पतालों के लिए तहसील प्रशासन जमीन की तलाश में जुटी हुई है।
प्रदेश के आयुष विभाग के सचिव के निर्देशन पर बदलापुर तहसील प्रशासन ने किराए के भवन में चल रहे राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालयों को अपना भवन उपलब्ध कराने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए पांच किलोमीटर परिधि के भीतर ग्रामसमाज की भूमि और अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि की तलाश शुरू कर दी है। एसडीएम रमापति बिंद ने अपने मातहतों को नगरीय क्षेत्र में 500 वर्ग मीटर और ग्रामीण क्षेत्र में 1000 वर्गमीटर भूमि अधिग्रहण कर आयुष विभाग के पक्ष में नि:शुल्क उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है लेकिन राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय के भवन निर्माण के लिए पांच माह बीत जाने के बाद भी जमीन की उपलब्धता तहसील प्रशासन कराने में नाकाम है। नौ अप्रैल को प्रदेश के आयुष सचिव ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया था।