जौनपुर। क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चलाए गए अभियान में जिले में टीबी के 197 रोगी पाए गए हैं। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने दी। प्रसूता को अस्पताल में मुफ्त भोजन नहीं देने पर सवाल उठाया गया तो मुख्य विकास अधिकारी आलोक सिंह ने कहा कि भोजन देना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रामजी पांडेय ने बताया कि जननी सुरक्षा योजना के तहत प्रसव के बाद महिलाओं को अस्पताल में रोकने के निर्देश दिए गए हैं। उनको नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। सीडीओ ने परिवार कल्याण की उपलब्धि, आशा के भुगतान, क्षय नियंत्रण, क्रियाशील प्रथम संदर्भन इकाई में माह तक किए गए कार्यों की समीक्षा, क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा की। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. आरके सिंह ने बताया कि एक्टिव केस फाइडिंग के अंतर्गत जिले में कुल 197 नए टीबी के मरीजों की खोज की गई है, जिनका 48 घंटे के भीतर इलाज भी शुरू कर दिया गया। जिले में संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम 2 जुलाई से 31 जुलाई तक चलाया जाएगा। इसमें 10 विभागों के समन्वय से संचारी रोग एवं जापानी इंसेफ्लाइटिस की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जाएगा। यह कार्यक्रम ब्लाक एवं ग्राम स्तर तक चलाया जाना हैं। इस अवसर पर सीएमएस डा. एसके पांडेय, डा. एससी वर्मा, डा. आरएस कुशवाहा, डा. आईएन तिवारी, सलिल कुमार यादव आदि उपस्थित रहे।