सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर के मोहल्ला गजराजगंज तिराहे से राज मार्ग सरोखना होते हुए सतहरिया हाइवे में मिलने वाली सड़क क्षतिग्रस्त है। जिससे लोगों को आवागमन करने में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान सड़क पर बने गड्ढ़े से वाहनों बिगड़ जा रहे हैं। वहीं बिखरी गिट्टीयों से हर समय दुर्घटना होने का डर बना हुआ है। लोगों ने शीघ्र मार्ग मरम्मत कराने की मांग की है।
मुंगराबादशाहपुर के मोहल्ला गजराजगंज तिराहे से राज मार्ग सरोखना होते हुए सतहरिया हाइवे में मिलने वाली सड़क पर पैचिंग का काम पीडब्ल्यूडी विभाग से कराई गई थी। किन्तु कुछ ही माह बाद ही सड़क पर लगा पैचिंग उखड़ गया। जिससे फिर सड़क पर बड़े-बड़े गढ्ढ़े हो गए हैं। गिट्टी उभरकर बाहर सड़क पर आ गई है।जिससे लोगों को चुटहिल होने का भी डर बना हुआ है। बारिश के कारण गढ्ढ़ो में जलभराव होने से आवागमन करने में खतरा और गहरा गई है। जबकि उक्त सड़क इलाहाबाद जौनपुर जैसे प्रमुख शहरों से जुड़ा होने से भारी संख्या में वाहनों का रातों दिन आना-जाना लगा रहता है। वहीं औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्रियों में कार्यरत लोगों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों व कर्मचारी चार किलोमीटर घूम कर आवागमन करने को विवश हैं। शक्ति फीलिंग स्टेशन के मालिक प्रदीप कुमार गुप्त ने बताया कि इस मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के कारण अधिकांश वाहनें दूसरे रास्ते चले जाते हैं। इसका असर विक्री पर भी पड़ रहा है। किसान नेताओं में राजनाथ यादव, सुभाष चन्द्र पटेल, बाबूराम पटेल, शालिक राम पटेल ने बताया कि मार्ग को मरम्मत कराने के लिए कई बार धरना प्रर्दशन कर चुके हैं। लेकिन कोई कार्यवाई नहीं हुई। उद्यमी गुलाब पांडेय, सुनील यादव, राहुल दूबे आदि ने शीघ्र मार्ग मरम्मत कराने की मांग की है।