जफराबाद। ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के पदाधिकारियों की बैठक कैंप कार्यालय जगदीशपुर पर हुई। जिसमें तीन सूत्रीय मांगों पर चर्चा हुई। निर्णय लिया कि शनिवार को सभी कर्मी सामूहिक उपवास पर रहेंगे। समन्वय समिति के अध्यक्ष डा. प्रदीप सिंह ने बताया कि लंबे समय से सचिवों की तीन सूत्रीय मांग लंबित हैं। जिसमें ग्रेड पे 2800 करने, शैक्षणिक योग्यता स्नातक/ कंप्यूटर ओ लेवल एवं एसीपी में पदोन्नति पद का ग्रेड पे देने का सरकार ने वादा किया था लेकिन अभी तक पहल शुरू नहीं हुई।
केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर क्रमिक आंदोलन के छठें चरण में जनपद के समस्त ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी दो जून को सामूहिक उपवास पर रहेंगे। मांगे पूरी नहीं होने पर छह जून से पूरे प्रदेश के सचिव एक साथ कार्यों का बहिष्कार करेंगे। ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. फूलचंद कनौजिया ने बताया कि विकास भवन के नीचे बैठ कर पूरे जनपद के सचिव दो जून की रोटी के लिए सामूहिक उपवास करेंगे। वेतन विसंगति दूर नहीं होने पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। बैठक में विजय भान यादव, कृष्ण कुमार मिश्रा, देवेंद्र सिंह, सुनील श्रीवास्तव, अशोक मौर्य, डा. रामकृष्ण यादव, धर्मेंद्र राय, साजिद अंसारी, रमेश यादव, प्रदीप श्रीवास्तव, नागेंद्र यादव, सियाराम यादव, विजय द्विवेदी, महेश तिवारी, रत्नेश सोनकर, नीरज श्रीवास्तव, हौसला प्रसाद सिंह ,सुनील नंदा, अनिल यादव, अश्विनी सिंह, रणजीत सिंह, विनोद सहाय, संजय श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे। संचालन रामकृष्ण पाल ने किया।