सुजानगंज। सुजानगंज बाजार स्थित गौरीशंकर धाम क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था का केंद्र है। सावन माह में यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। पुरुषोत्तम मास में भी मंदिर में पूजन करने का विशेष महत्व है। अधिमास के सोमवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ी।
मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। भोर से ही महिलाएं एवं पुरुषों की दर्शन के लिए कतार लगनी शुरू हो गई। भीड़ के बाद भी सुरक्षा की व्यवस्था नहीं थी। मंदिर के सचिव सुधीर तिवारी ने बताया कि रविवार शाम को पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी कि पुरुषोत्तम मास के सोमवार को मंदिर में भीड़ उमड़ती है। इसके बावजूद सुरक्षा के इंतजाम नही किए गए। दो महिलाओं के गले से चेन उचक्कों ने उड़ा दी। मंदिर परिसर पर न तो वाहन स्टैंड बनाया गया था और न ही रूट डायवर्जन किया गया। सुजानगंज-मछलीशहर मार्ग पर काफी देर तक जाम लगा रहा। दर्शनार्थियों को कड़ी मेहनत के बाद मंदिर तक पहुंचने को मिला। सुबह 5 बजे से दोपहर दो बजे तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने शिव को जल, बेल पत्र, धतूरा आदि चढ़ाकर भगवान शिव की पूजा अर्चना की।