जौनपुर। जाम नासूर बन चुका है। हर कोई जाम से परेशान है। शादी विवाह और लगन की वजह से जाम एक बार लग जा रहा तो समाप्त होने में दो से तीन घंटे लग रहे हैं। मंगलवार को मुंगराबादशाहपुर में तीन घंटे तक लोगों को जाम से जूझना पड़ा। वहीं शहर के नईगंज और जगदीशपुर क्रासिंग पर हर दो घंटे बाद जाम लगता रहा। जिससे लोग परेशान हो गए। बदलापुर और शाहगंज में दिन में कई बार जाम लगा। जाम में फंसकर लोग परेशान रहे। उधर यातायात और थाने की पुलिस ने प्रयास तो किया लेकिन जाम छुड़ाने में उन्हें पसीने आ गए।
हाल ही में डीएम के निर्देश पर यातायात पुलिस और प्रशासन ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। लेकिन देखा जाए तो हाइवे पर इस प्लान की हवा निकल गई है। कोई ऐसा दिन नहीं है जिस दिन 20 घंटे में 8 से 10 बार नईगंज रेलवे क्रासिंग और जगदीशपुर रेलवे क्रासिंग, वाजिदपुर, जेसीज, सिपाह पर जाम न लगता हो। जहां क्रासिंग पर जाम की वजह ओवरटेक करना एक कारण बना है। वहीं सड़कों पर भारी वाहनों के खड़ा होना भी एक कारण है। शहर में 10 बजे नईगंज क्रासिंग बंद हुई तो करीब दो किमी लंबा जाम लग गया। नईगंज से पॉलिटेक्निक तक लगे जाम से लोग परेशान हो गए। किसी तरह डेढ़ घंटे बाद रास्ता साफ हुआ तो घंटेभर बाद फिर जाम लग गया। जाम का दौर सुबह से शुरू होकर शाम तक चलता रहा। कमोवेश यही स्थिति जगदीशपुर क्रासिंग पर भी रही। लोग जाम में फंसकर समय से नहीं पहुंच पाए। मुंगराबादशाहपुर में साढ़े 9 बजे जाम लगा तो 11 बजे समाप्त हुआ। बदलापुर में भी घंटों जाम लगा रहा और लोग परेशान रहे। यहां भी जाम की वजह महराजगंज रोड पर स्थित क्रासिंग का बंद होना बताया जा रहा है। शाहगंज में भी जाम से लोगों को जूझना पड़ा। एसपी केके चौधरी का कहना है कि शहर का जाम ट्रैफिक प्लान लागू होने के बाद कम हुआ है। हाईवे पर भी जल्द ही इसकी शुरूआत की जाएगी।