जौनपुर। अप्रैल महीने में ही मई और जून सरीखी गर्मी पड़ने लगी है। पारा 40 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया है। हवा के गर्म थपेड़ों के चलते दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। देर शाम तक गर्म हवाएं चल रही हैं। रविवार को अलबत्ता कुछ गिरावट महसूस हुई, लेकिन लू के थपेड़े से लोग बेहाल रहे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि गर्मी अभी और बढ़ेगी। इस बदलाव से किसान भी चिंतित हैं।
दिन निकलते ही आसमान से गर्मी बरसने लग रही है। शाम होने के बाद भी गर्मी के तेवर कम नहीं हो रहे हैं। गर्म हवाओं के बीच घर से निकलना मुश्किल हो जा रहा है। लोग मुंह बांधकर घर से निकल रहे हैं। उधर गर्मी से लू की बीमारियां भी बढ़ने लगी हैं। अस्पतालों में वैसे संक्रमण से रोकथाम के लिए कोई एहतियात कदम नहीं उठाए गए हैं। बीमारियों पैर पसारना शुरू कर दिया है। राहगीर परेशान हैं। उनके पेयजल के लिए कोई इंतजाम रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर नहीं है। आंधी बारिश के आसार बनने के बाद भी कोई कमी गर्मी में नहीं आ रही है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की है। अस्पतालों में पेट में मरोड़, ऐंठन, शरीर में कमजोरी, चक्कर आना, सिर में तेज दर्द आदि के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।