जौनपुर। किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) द्वारा शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में किसान पंचायत का आयोजन किया। जिसमें मांगों को पूरा करने की आवाज बुलंद की। साथ ही प्रधानमंत्री को संबोधित नौ सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा।
जिलाध्यक्ष राजनाथ यादव ने कहा कि किसान समस्याओं को लेकर परेशान हैं। जिससे खेती किसानी का कार्य भी चौपट हो रहा है। वहीं समस्याओं का समाधान नहीं होने से किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने गेहूं क्रय केंद्रों पर हो रही धांधली की जांच कराने, किसानों को 20 घंटे बिजली उपलब्ध कराने, फसल बीमा के नाम पर हो रही लूट खसोट को बंद करने, किसानों की अधिग्रहित भूमि का मुआवजा मानक के अनुसार देने, किसानों पर हो रहे फर्जी मुकदमे और उत्पीड़न बंद करने आदि की मांग की। इस अवसर पर जिला महामंत्री धर्मराज पटेल, रमेश, घनश्याम, खलील, शोभनाथ, सुरेश, चंद्रभान, सत्यप्रकाश, लालबहादुर, अमरनाथ , सुरजन, जगतंबा, सीताराम आदि उपस्थित रहे।