जौनपुर। चिलचिलाती हुई धूप के बीच शहर का चप्पा चप्पा जाम में जकड़ा रहा। जाम में फंसकर लोग घंटों हैरान हुए। दोपहर बाद करीब तीन बजे यातायात सामान्य हो हो सका। कई स्कूल वाहन भी जाम में फंसे रहे जिससे उसमें सवार बच्चे प्यास से तड़प उठे। कई अभिभावक तो बाइक से किसी तरह रास्ते से ही बच्चों को वाहन से उतार लिया।
सुबह करीब 11 बजे सिपाह रेलवे क्रासिंग बंद हुई तो बड़े वाहन रेलवे पुल के नीचे से निकलने लगे। सिंगल रोड पर दोनों तरफ से भारी वाहनों के आने से सड़क पर जाम लग गया। इस दौरान न तो कहीं ट्रैफिक पुलिस नीहं दिखा। वाहन सड़क पर आते गए और जाम में फंसने वाले वाहनों की कतार लंबी होती गई। देखते ही देखते वाहनों की कतार जेसीज चौराहे से होकर वाजिदपुर तिराहा और जौनपुर -सुल्तानपुर हाईवे तक पहुंच गई। जाम में वाहन इस कदर फंसे की रेलवे क्रासिंग खुलने के बाद भी कोई वाहन निकलने की स्थिति में नहीं था। आजमगढ़, शाहगंज मार्ग पर भारी तादात में वाहनों की कतार लग गई। सड़क पर दोनों तरफ से वाहनों की कतार बेतरतीब हो गई। हर कोई जाम से निकलने के चक्कर में यातायात नियमों को दर किनार कर गलत साइड से निकलने की कोशिश में लग गया। कुत्तूपुर चौराहे से लेकर पचहटिया, सिपाह, जेसीज चौराहा से होकर वाजिदपुर तिराहा और हाईवे पर जगदीशपुर से लेकर नईगंज होते हुए सीहीपुररेलवे क्रांसिंग से आगे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस जाम में बाइक सवार भी निकल नहीं पा रहे थे। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी हुई तो स्कूल वाहन भी जाम में फंस गए। उधर घर पर बच्चों का इंतजार कर रहे अभिभावकों को जब पता चला कि स्कूल वाहन जाम में फंसे हैं तो कोई बाइक से तो कोई पैदल ही बच्चों को लेने निकल पड़ा। तमाम लोग जाम में फंसी बसों से उतारकर बच्चों को घर ले गए। तेज धूप के चलते बच्चे प्यास से तड़प उठे। दोपहर करीब तीन बजे पुलिस ने किसी तरह कुछ वाहनों का रुट डायवर्ट कराकर जाम समाप्त करवाया। तीन बजे के बाद यातायात सामान्य हो सका।