जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सत्र 2017-18 की मुख्य परीक्षा के बीए शिक्षाशास्त्र प्रथम प्रश्न पत्र में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी उजागर हुई। पेपर सेटर ने कुल दस सवाल पूछा है। इसमें से दो प्रश्न ऐसे हैं जो दो-दो बार पूछा गया है। इसे लेकर कुछ परीक्षा केंद्रों पर छात्र और कक्ष निरीक्षकों के बीच झड़प भी हुई। लेकिन शिक्षकों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। छात्र इस बात को लेकर परेशान थे कि दो प्रश्न एक ही तरह के हैं तो दोनों का उत्तर लिखा जाए या एक का।
सोमवार को सुबह की पाली में बीए प्रथम वर्ष शिक्षाशास्त्र प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा थी। परीक्षा में कुल 10 प्रश्न पूछे गए थे। पेपर तीन खंड में विभाजित था। इसमें पहले खंड में अति लघु उत्तरीय, दूसरे खंड में लघु उत्तरीय और तीसरे खंड में दीर्घ उत्तरीय प्रश्न पूछे गए थे। दीर्घ उत्तरीय प्रश्न 10-10 अंक के थे। जिसमें आठवां और नौवां प्रश्न एक की तरह का दे दिया गया है। सवाल में पूछा गया था कि संस्कृति क्या है, शिक्षा एवं संस्कृति के संबंध की व्याख्या कीजिए। उधर अति लघु उत्तरीय प्रश्न का छठवां प्रश्न और लघु उत्तरीय प्रश्न का चौथा सवाल दोनों एक ही है। पेपर में एक ही सवाल दो-दो बार पूछे जाने से छात्रों में उहापोह की स्थिति बनी हुई है। पेपर 75 अंक का है। इसका मूल्यांकन किस तरह कराया जाएगा। इसे लेकर छात्र परेशान हैं। विषय के शिक्षक और छात्र दोनों पेपर सेटर को कोस रहे हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह का कहना है कि पेपर सेटर की गलती से ऐसा हुआ है। मामले की जांच कराई जाएगी। छात्रों का नुकसान नहीं होने पाएगा।