जौनपुर। रामनगर ब्लाक के चकमहनी ग्राम सभा में पांच वर्ष से शौचालय बनवाए जा रहे हैं। अधूरा निर्माण होने के कारण ग्रामीण उनमें उपले और लकड़ियां रख रहे हैं। शौचालय बनवाने के लिए ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों से लेकर ग्रम प्रधान व अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन यह सब नक्कारखाने में तूती की आवाज ही साबित हुआ।
सरकार स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत सफाई के लिए लोगों को प्ररित कर रही है। घर-घर शौचालय बनवाने के साथ ही गावों को खुले में शौच मुक्त करने का कार्य किया जा रहा है। लेकिन सरकार के इन सारी कवायदों पर चकमहनी ग्राम सभा में पाच वर्ष से अधूरा पड़ा शौचालय पानी फेर रहा है। हालत यह है कि शौचालय का निर्माण अधूरा रहने के कारण ग्रामीणों द्वारा उसमें लकड़ियां रखने का कार्य किया जा रहा है। अगर संबंधित विभाग द्वारा इस शौचालय को बनवा दिया जाता तो ग्रामीण खुले में शौच नहीं करते। इस संबंध में लालती देवी ने बताया कि कई बार ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम प्रधान व जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई। लेकिन अभी तक शौचालय पूरा बनवाने का कार्य नहीं किया गया है। वहीं ग्राम पंचायत अधिकारी अर्जुन मौर्य ने बताया कि इसकी हमें जानकारी नहीं है। अगर शौचालय अधूरा है तो जांच कर उसे पूरा करने का कार्य किया जाएगा।