जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी ने बताया कि सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला व तहसील मुख्यालय पर लोक कल्याण मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की रूप-रेखा शासन ने जारी कर दिया है। गुरूवार को डीएम ने तैयारी बैठक कर समीक्षा किया।
उन्होंने बताया कि एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों वाली बुकलेट भी जारी की जाएगी। जिला व तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूप रेखा बताते हुए कहा 31 मार्च को जिले स्तर पर मां दुर्गा जी सीनियर सेकेण्डरी विद्यालय सिद्दीकपुर के परिसर में आयोजन किया गया है। जिसमें शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं यथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन एवं कृषि विभाग की योजनाओं एवं अन्य योजनाओं से आच्छादित लाभार्थियों/ जन सामान्य को उ.प्र. सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों के संबंध में प्रभारी मंत्री प्रो रीता बहुगुणा जोशी मौजूद रहेगी। इसके अतिरिक्त 31 से 2 अप्रैल 2018 तक तीन दिवसीय लोक कल्याण मेला उप निदेशक कृषि भवन परिसर में स्थित वर्कशाप/ हाल में आयोजित किया गया है। जिसमें सभी विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग की प्रदर्शनी/ स्टाल लगाया जायेगा। इस दौरान उपलब्धियों वाली बुक लेट व फोल्डर का भी वितरण किया जाएगा। इसी दौरान जिले में हुए विकास कार्यों व योजनाओं को भी संकलित कर उसका प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि 14 अप्रैल तक तीन दिन व प्रत्येक तहसील मुख्यालय पर दो दिन लोक कल्याण मेले आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक विकास खंड के मुख्यालय पर 14 से 30 अप्रैल 2018 के अवधि में लाभार्थी संमेलन आयोजित किया जायेगा। इस मेले में विभिन्न योजनाओं का प्रचार- प्रसार, सरकार की उपलब्धियों से संबंधित डाक्यूमेंट्री का प्रदर्शन व प्रचार-प्रसार की सामग्री लोगों को वितरित की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी तहसीलों में 4 व 5 अप्रैल को लोक कल्याण मेला एवं सभी ब्लाकों पर 14 अप्रैल को लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं जैसे उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सुलभ शौचालय योजना, धन क्रय, गन्ना क्रय, ऋण माफी आदि योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
इनसेट
तीन दिवसीय लोक कल्याण मेले का शुभारंभ करेंगी प्रभारी मंत्री
जौनपुर। मंत्री महिला कल्याण परिवार कल्याण मातृ एवं शिशु कल्याण एवं पर्यटन प्रो. रीता बहुगुणा जोशी 31 मार्च 2018 को पूर्वान्ह 11 बजे लोनिवि निरीक्षण भवन जौनपुर पहुचेंगी। जहां वह 11.40 बजे मां दुर्गा सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल सिद्दीकपुर पहुंचकर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को संबोधित करेंगी। इसके बाद 2.15 बजे कृषि भवन परिसर जौनपुर में आयेाजित तीन दिवसीय लोक कल्याण मेले का शुभारंभ करेंगी।