जौनपुर। जफराबाद से खेतासराय के बीच हुए विद्युतीकरण कार्य निरीक्षण शनिवार को मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त (सीसीआरएस) शैलेश कुमार पाठक और डीआरएम ने किया। इन दो स्टेशनों के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन चलाकर रेलवे पटरी पर ट्रायल किया गया। जफराबाद जंक्शन के नाथूपुर गेट के पास बने नवनिर्मित स्विच केंद्र का लोकार्पण कर इलेक्ट्रिक ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दी। इस दौरान रेलवे संरक्षा आयुक्त को काफी खामियां मिली जिसे ठीक करने का निर्देश दिया।
जफराबाद से होते हुए सीसीआरएस जौनपुर जंक्शन के बाद मेहरांवा से खेतासराय पहुंचे। करीब छह घंटे तक सभी पहलुओं की बारीकी से जांच करने के बाद उन्होंने विद्युतीकरण को लेकर अब तक हुए कार्य पर असंतोष जताया। कई खामियों को ठीक कराने का निर्देश दिया। जफराबाद से खेतासराय के बीच विद्युत ट्रेन का ट्रायल किया गया। शनिवार को सीसीआरएस और डीआरएम सतीश कुमार ने सबसे पहले जफराबाद जंक्शन के नाथुपुर गेट के पास नवनिर्मित विद्युत स्विच केंद्र का लोकार्पण किया। इस केंद्र से इलेक्ट्रिक से चलने वाले रेल इंजन को बिजली की आपूर्ति की जानी है। साथ ही यहीं से किसी तरह की बिजली की गड़बड़ी को नियंत्रित किया जाएगा। इसके बाद सीसीआरएस व डीआरएम के साथ अन्य रेलवे अधिकारी ट्रेन संचालन के लिए जफराबाद से खेेतासराय के बीच किए गए विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पता चला कि विद्युतीकरण कार्य पूरा करने के चक्कर में पुल में बांड तक नहीं लगाया जा सका। जिस पर रेलवे के अधिकारियों ने नाराजगी जताई। इसी प्रकार सुरक्षा के अन्य मानकों पर विद्युतीकरण कार्य खरा नहीं उतरा। निरीक्षण के बाद सीसीआरएस ने खेतासराय से जफराबाद तक स्पीड ट्रायल किया। लौटते वक्त अधिकारियों के साथ लखनऊ से आया आनंद सैलून में सवार होने के चक्कर में घायल हो गए।