मीरगंज। मछलीशहर-जंघई मार्ग पर बंधवाबाजार के पास सौ साल पुराने पुल पर से लोक निर्माण विभाग की चेतावनी के बाद पुलिस ने दिन में भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी है लेकिन रात में ऐसे वाहन गुजर रहे हैं।
मछलीशहर-जंघई मार्ग पर बंधवा बाजार पुल की क्षमता 10 टन भार की थी लेकिन कुछ दिनों से पुल पर 30 टन तक भार लदे वाहन गुजर रहे थे। इसको देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने पुलिस को ऐसे वाहनों को रोकने के लिए पत्र लिखा था। पुलिस भी सक्रिय हुई बैरियर लगाकर वाहन को बदले रास्ते से भेजना शुरू कर दिया। हालांकि रात में भारी वाहन को बदले रास्ते के बजाय पुल की तरफ से ही गुजर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग पुल को बचाने के लिए उसके नीचे मिट्टी डाल रहा है। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता एसएन यादव ने बताया कि दिन में तो भारी वाहनों को पुलिस रोक रही है लेकिन रात में पुलिस वाहनों को रोकने में नाकाम है। थानाध्यक्ष पन्नेलाल का कहना है कि यदि रात में कुछ वाहन उधर से जा रहे हैं तो उसे भी रोकने का प्रबंध किया जाएगा।