जौनपुर। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं छह फरवरी से जिले के 241 केंद्रों पर शुरू हो रही है। परीक्षा केंद्रों पर क्लोज सर्किट टीवी कैमरे लगाए गए हैं। शांतिपूर्ण और नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। छह सचल दस्ते गठित किए गए हैं। सचल दस्ते परीक्षा केंद्रों की कई चक्रों में निगरानी करेंगे। तहसील स्तर के अधिकारी भी लगाए गए हैं। मगर बोर्ड विद्यालयों की खामियों के चलते तमाम छात्रों के प्रवेशपत्र गड़बड़ हैं।
परीक्षा दो पालियों में सुबह 7.30 से 11.45 और दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी। बोर्ड परीक्षा में कुल 204418 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल के 110539 और इंटरमीडिएट के 93879 छात्र शामिल हैं। परीक्षा संचालन के लिए 6435 कक्ष निरीक्षक लगाए गए हैं और 916 आंतरिक सचल दस्ते बनाए गए हैं। जिले के 17 संवदेनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के बंदोबस्त किए गए हैं। चार अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। 29 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 21 स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा छह जोनल और छह सुपर जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगे। प्रशासन की चुस्ती के बावजूद नकल माफिया भी नकल कराने की फिराक में हैं। पिछले दिनों नकली कापियां छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ था। मंगलवार पहले दिन पहली पाली में हाईस्कूल गृह विज्ञान (प्रथम) और इंटरमीडिएट हिंदी प्रथम प्रश्न पत्र (साहित्यिक) की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में दो बजे से 5.15 बजे तक इंटरमीडिएट हिंदी प्रथम प्रश्न पत्र (सामान्य) की परीक्षा होगी।
हटाए गए केंद्र व्यवस्थापक
जौनपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक उमेश शुक्ल ने बताया कि मां शारदा इंटर कालेज तियरा के केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया गया है। परीक्षा कराने के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। परीक्षा में सहयोग के लिए 4 शिक्षकों को लगाया गया है। शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए पहले से व्यवस्था कर दी गई है।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा की निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए सभी केंद्रों पर सीसी टीवी कैमरा लग गए हैं। प्रकाश की व्यवस्था भी कराई गई है। जहां नकल होता पाया जाएगा वहां के केंद्र व्यवस्थापक को जेल भेजा जाएगा।
उमेश शुक्ल, डीआईओएस जौनपुर