जौनपुर। राजा श्रीकृष्ण दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ का चुनाव 20 जनवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। सायं तीन बजे से मतगणना शुरु की जाएगी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री एवं पुस्तकालय मंत्री पद के लिए मतदान कराया जाएगा। कला संकाय, शिक्षा संकाय और विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर एक-एक प्रत्याशी ने हीं नामांकन किया है।
चुनाव अधिकारी डा. राजेंद्र प्रसाद ओझा ने बताया कि मतदान के लिए कुल छह बूथ बनाए गए हैं। सभी बूथों पर महाविद्यालय के प्राध्यापक और कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। प्राचार्य डा. विष्णुचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मतदान और मतगणना की वीडियोग्राफी करायी जाएगी। मतगणना स्थल पर सीसी टीवी कैमरे लगाए गए हैं। चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए महाविद्यालय कटिबद्ध है। जिला प्रशासन ने मतदान और मतगणना के लिए मजिस्ट्रेट एवं अधिकारी की तैनाती कर दी है। सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात रहेगी। चुनाव अधिकारी ने कहा कि चुनाव में लिंगदोह समिति की सिफारिशों का अनुपालन कराया जाएगा। मतदान के लिए फीस रसीद, परिचय पत्र एवं आधार कार्ड साथ में लाना अनिवार्य है।